एसयूसीआई ने बिजली के दाम बढऩे के विरोध में फूलबाग पर प्रदर्शन किया

Jan 21 2025

ग्वालियर। मेहनतकश मजदूर वर्ग की पार्टी एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी ने बिजली के दाम बढ़ाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में फूलबाग चौराहे पर जिला स्तरीय प्रदर्शन किया। 
प्रदर्शन में उपस्थित एसयूसीआई पार्टी की ग्वालियर जिला कमेटी के रुपेश जैन ने बिजली के दाम बढ़ाए जाने के प्रस्ताव का तीव्र विरोध करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में लोगों की आर्थिक स्थिति पर कैग की रिपोर्ट अनुसार यहां 37 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा के नीचे जी रहे हैं। बेरोजगारी की स्थिति भयावह है जिस प्रदेश में लोग 2 जून की रोटी तक जुगाड़ नहीं पा रहे हैं। उस प्रदेश में सरकार लगातार बिजली के दाम बढ़ते जा रही है और इस बार फिर से दाम बढऩे का प्रस्ताव लेकर आई है। इसके मूल में सरकार की निजी कंपनियों को हर लोक कल्याण के क्षेत्र में भी लाकर अकूत मुनाफा कमाने का अवसर देने की नीति है। बिजली पहले से ही निजी कंपनियों को ठेके पर दिया जा चुका है और इस नीति के तहत जनता पर चार्ज बढ़ाए जा रहे हैं जो की पूरी तरह से अन्याय पूर्ण है।
वहीं धीरेंद्र शिवहरे ने कहां की बिजली का निजीकरण हो चुका है और स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी चल रही है ऐसे में बिजली बहुत ज्यादा महंगी हो जाएगी, बेरोजगारी अपने चरम पर है किसी को काम धंधा मिल नहीं रहा है,शहर के सौंदर्य करण के नाम पर स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सरकार बगैर पुनर्स्थापना की सोचे, बसे बसाए घरों को तोड़ रही है। जिसके कारण जनता पहले से ही परेशान है। विभिन्न क्षेत्रों से शामिल हुई जनता ने भी इस प्रस्ताव के विरोध में अपनी बात रखी। प्रदर्शन का संचालन दीपक बरैया ने किया।