यूनियन कार्बाइड के कचरे का निपटान एकांत या निर्जन स्थान पर किया जाना चाहिए-प्रताप सामल

Jan 12 2025

भोपाल। यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए एसयूसीआई कम्युनिस्ट राज्य सचिव कामरेड प्रताप सामल ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 40 साल पहले तत्कालीन सरकार और कंपनी की आपराधिक लापरवाही और मुनाफे की भूख ने हजारों लोगों की जान ले ली थी। हजारों लोग आज भी इसका दंश झेलने को मजबूर हैं। अब 40 साल बाद एक बार फिर भाजपा की राज्य सरकार अपने राजनीतिक स्वार्थों को पूरा करने की जल्दबाजी में अचानक इस कचरे को भोपाल से निकालकर औद्योगिक नगर पीथमपुर भेज रही है, जिससे वहां के निवासियों की जान अब खतरे में पड़ गई है। 
हम सरकार के इस रवैये की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा इससे पहले 2015 में भी सरकार ने पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड का कचरा डालने की कोशिश की थी। तब से लेकर अब तक आसपास के कई वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में भूजल प्रदूषण और पर्यावरण क्षरण की खबरें आ चुकी हैं। अब सरकार फिर आम लोगों की जिंदगी से खेलना चाहती है। सरकार को जहरीले कचरे का रासायनिक विश्लेषण करवाना चाहिए और उसके आधार पर निपटान का वैज्ञानिक तरीका तय करना होगा। उक्त जहरीले कचरे का किसी सुनसान जगह पर निपटान उच्च स्तरीय वैज्ञानिकों की देखरेख में आम लोगों को विश्वास में लेकर किया जाना चाहिए। इस प्रक्रिया में भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।