घरेलू हिंसा, अपराध सहित अन्य कई सामाजिक समस्याओं का कारण शराब- अभय चौधरी

Jan 05 2025

ग्वालियर। राष्ट्रीय शराबबंदी संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेश संयोजक हरिओम गौतम के नेतृत्व में संगठन के लोगों ने जाकर भाजपा के जिला अध्यक्ष अभय चौधरी का सम्मान किया। अभय चौधरी ने विजन डाक्यूमेंट 2047 पर सुझाव देने हेतु आयोजित बैठक में प्रदेश में शराबबंदी की मांग को प्रमुखता से उठाया था, कि जब अन्य प्रदेशों में शराबबंदी हो सकती है तो मध्यप्रदेश में क्यों नहीं? उन्होंने मध्यप्रदेश में शराबबंदी की मांग की।
ज्ञात हो कि हरिओम गौतम विगत कई वर्षों से शराबबंदी की मांग को लेकर जंतर-मंतर से लेकर प्रदेश में कई बार धरना प्रदर्शन एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में शराबबंदी की मांग विगत कई वर्षों से कर रहे हैं। उनकी इस मांग का समर्थन करने पर भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी का राष्ट्रीय शराबबंदी संयुक्त मोर्चा मप्र द्वारा उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश संयोजक हरिओम गौतम ने का कि शराब युवा पीढ़ी को खोखला कर रही है। शराब से हर वर्ष लाखों परिवार बर्बाद हो रहे हैं। इसलिए प्रदेश में अन्य राज्यों की तरह शराबबंदी होना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि शराब न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह समाज के लिए भी कई समस्याएं पैदा करती है। शराब का सेवन घरेलू हिंसा, अपराध, और सामाजिक समस्याओं का कारण बनता है। उन्होंने प्रदेश के साथ साथ पूरे देश में शराबबंदी की मांग रखी।
इस अवसर पर समाजसेवी परमानंद श्रीवास, रामदास माहौर, चंदन सिंह कुशवाह, सुमित गौतम विशेष रूप से उपस्थित थे।