नगर में बहेगी विकास की गंगा-बलदेव अग्रवाल

Jan 04 2025

भितरवार। नगर के लोगों को मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए परिषद का हर संभव प्रयास जारी है। परिषद द्वारा प्रस्तावित करोड़ों के विकास कार्य इस नए वर्ष में पूर्ण होंगे। नगर में विकास की गंगा बहेगी। यह बात नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने वार्ड 3 में सीसी सडक़ निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कही। नगर के वार्ड 3 में ऊपरी पहाड़ी से करैरा रोड़ तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए नगर परिषद द्वारा सीसी रोड बनाई जा रही है। जिसके निर्माण कार्य का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने भूमिपूजन कर किया। 
इस दौरान श्री अग्रवाल ने कहा कि नगर का चहुंमुखी विकास कराने के परिषद द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। नगर वासियों की मंशा के अनुरूप परिषद ने कई विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। जिनका कार्य आगामी समय में बहुत जल्द शुरू होगा। वहीं उन्होंने कहा कि किसी कोई भी परेशानी हो तो वह तत्काल अवगत कराए। हम हर समस्या का प्राथमिकता से निराकरण करेगें। इस अवसर पर नगर परिषद के पार्षद उपस्थित थे।