नगर निगम करेगी दिव्यांग क्रिकेट स्पर्धा, क्रिकेटर योगेंद्र का सम्मान किया

Jan 02 2025

ग्वालियर। निशक्तजन खेल एवं कल्याण समिति एवं मप्र दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रेस क्लब फूलबाग में आयोजित कार्यक्रम में सभापति मनोज सिंह तोमर, संस्था सचिव संजय सिंह तोमर, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप तोमर एवं संयुक्त संचालक जनसम्पर्क मधु सोलापुरकर ने मप्र दिव्यांग क्रिकेट टीम में सिलेक्ट हुए खिलाड़ी योगेन्द्र सिंह भदौरिया का स्वागत सम्मान किया। उनका चयन आगामी 12 से 21 जनवरी तक श्रीलंका में आयोजित चार देशों की अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए किया गया है। कार्यक्रम के बाद भदौरिया जयपुर में आयोजित सात दिवसीय इंडिया टीम के कैम्प के लिए रवाना हो गए। 
इस अवसर पर सभापति मनोज तोमर ने दिव्यांग खिलाडियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम द्वारा दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता जो किन्हीं कारणों से बंद हो गई थी, उसे पुन- शुरू कराया जाएगा। संजय सिंह तोमर ने बताया कि दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा देश भर के 25 खिलाडिय़ों के नाम की घोषणा कर दी गई है, जो 12 से 21 जनवरी 2025 तक श्रीलंका में अपना जौहर दिखाएंगे। इसमें ग्वालियर के योगेन्द्र भदौरिया का भी चयन विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर हुआ है।  इस अवसर पर संस्था के सह सचिव उमेश बाबू गुप्ता, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव शर्मा, संजय पाल सहित अन्य खिलाडिय़ों द्वारा भदौरिया का स्वागत एवं सम्मान किया गया।