थिंक एन्ड सपोर्ट फाउंडेशन संस्था ने मनाया शहीद पर्व

Dec 29 2024

ग्वालियर। सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह के चार पुत्रों के बलिदान को याद करते हुए शहर की समाजसेवी संस्था थिंक एंड सपोर्ट फाउंडेशन ने शहीद पर्व मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ केशव पाण्डेय ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिन्द सिंह सर्वोच्च बलिदान की प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने जहां अपने उपदेशों से लोगों को धर्म का मार्ग सिखाया है, वहीं अपने कर्मों से सर्वोच्च आदर्श स्थापित किया है। धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने अपने परिवार को कुर्बान कर दिया। उनके चार बेटे साहिबजादा अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह व फतेह सिंह धर्म की रक्षा के लिए शहीद हो गए। ऐसी मिसाल कम ही देखने को मिलती है। 
श्री पाण्डेय ने कहा कि संस्था थिंक एंड सपोर्ट ने शहीद पर्व के माध्यम से उनके बलिदानों के याद करके सराहनीय कार्य किया है। साथ ही संत घनश्याम दास बाबा ने गुरुगोबिंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्री गुरु जीवनपर्यंत मुगल शासकों से लोहा लेते रहे। उन्होंने धर्म की रक्षा के लिए सबकुछ त्याग दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर संस्था के शेलेंद्री ठाकुर, अनिल कांत, सुकन्या शर्मा, हर्ष बंसल, छाया कुशवाह, चित्रा कुशवाह, राजेश कुशवाह, विजय शोले, तेजस्विनी शोले, पूजा भजैया, कृष्णा माहोर, मुन्ना माहोर, नरेश माहौर,भूपेंद्र कांत आदि उपस्थित थे।