यूथ हॉस्टल ने आयोजित किया ग्वालियर हेरिटेज प्रोग्राम

Dec 27 2024

ग्वालियर। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ग्वालियर ने ग्वालियर शहर के हेरिटेज को देश के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु चार दिवसीय हेरिटेज कार्यक्रम 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया। कार्यक्रम में गुजरात से 16 सदस्य, दिल्ली से चार सदस्य एवं कर्नाटक से दो सदस्य परिवार सहित शामिल हुए। 
संस्था सचिव रामनारायण मिश्र ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्था द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया गया है। सभी 22 प्रतिभागी 22 तारीख को प्रात: ग्वालियर पहुंचे और टेंपो ट्रैवलर से मितावली, पढावली, बटेश्वर और शनिचरा के मंदिरों के दर्शन किए। मितावली के 64 योगिनी मंदिर में पुरानी संसद की प्रतिकृति देखकर आश्चर्यचकित हुए। चंबल सफारी हेतु चंबल नदी पर पहुंचे जहां उन्होंने 6 किलोमीटर की वोटिंग की। इस दौरान विभिन्न प्रकार की पक्षी, कछुए, मगर और घडिय़ाल दिखाई दिए। नदी की सफेद रेत पर सभी ने ट्रैकिंग का आनंद लिया। इसके पश्चात घडिय़ाल प्रजनन केंद्र देवरी पहुंचे जहां डेढ़ फुट से लेकर 6 फीट तक के सैकड़ो की तादाद में घडिय़ालों को देखा। इसके पश्चात ककनमठ के शिव मंदिर में बिना मसाले की एक के ऊपर एक बेतरतीब रखे हुए पत्थरों को इतनी ऊंचाई तक रखा देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गए और प्रचलित भूतों द्वारा एक रात में बनाए जाने की कथा पर यकीन होने लगा। 
सभी ने महाराज बाड़े पर स्थित विभिन्न शैलियों की शानदार इमारतों पर लगी फसाड लाइट का आनंद लिया। तीसरे दिन का टूर की शुरुआत प्रसिद्ध संगीतकार तानसेन के मकबरे से की। इसके पश्चात सभी ने ग्वालियर के गूजरी महल संग्रहालय में रखी हुई विभिन्न प्रतिमाओं को देखा। विश्व प्रसिद्ध सालभंजिका की मूर्ति देखकर सभी मंत्र मुग्ध हो गए। इसके पश्चात सिंधिया संग्रहालय देखने के लिए सभी पहुंचे। 
सभी अतिथियों को संस्था के संरक्षक रमेश अग्रवाल, विजय गर्ग एवं शैलेंद्र माहौर ने माला पहनाकर स्मृति चिन्ह प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन रामनारायण मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में गौरव सिंघल, संजू कुरुस्वान, सुनील राय, सुनील सोनी, बादल मजूमदार, जयदेव गुप्ता, सतीश अग्रवाल, समीर भार्गव, देवेंद्र बांदिल ने सभी अतिथियों को घुमाने में विशेष सहयोग प्रदान किया।