हनुमान जी की मूर्ति से आंखें निकालीं, क्षेत्र में फैला तनाव,अज्ञात पर एफआईआर

Dec 26 2024

ग्वालियर। असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर में विराजित हनुमान जी की प्रतिमा की आंखें निकाल लिए जाने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित सिंधिया नगर की है। जिसकी सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
महलगांव में सिंधिया पहाडिय़ा पर स्थित हनुमान जी का मंदिर आस्था का केंद्र है। गुरुवार सुबह जब श्रद्धालु दर्शन करने मंदिर पहुंचे, तो हनुमान जी की मूर्ति से आंखें गायब देखकर चौंक गए। बताया गया है कि असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा से आंखें निकालकर वहीं फेंक दीं। 
जैसे ही क्षेत्र में यह बात फैली, बड़ी संख्या में लोग आक्रोशित होकर मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। जिसने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में किया। पुलिस द्वारा मौका मुआयना करने के उपरांत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो अन्य मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं
पुलिस घटना की सूचना पाकर मौके पर पड़ताल में जुटी हुई थी, इसी बीच पता लगा कि क्षेत्र में ही स्थित दो अन्य मंदिरों की मूर्तियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। जिससे श्रद्धालु और अधिक आक्रोशित हो गए। हालांकि पुलिस अफसरों की समझदारी से हालात बेकाबू नहीं हो सके।
बताया गया है कि जिन मंदिरों की मूर्तियां खंडित की गई हैं, वहां सिर्फ एक ही सीसीटीवी लगा हुआ है। पुलिस ने जब उसके फुटेज चेक करने का प्रयास किया, तो वह भी बंद निकला। जिससे अब आरोपी का पता लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को एक्टिव करने के साथ ही आने-जाने के रूट पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
वहीं टीआई विश्वविद्यालय उपेंद्र छारी का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा महलगांव क्षेत्र में तीन मूर्तियों को खंडित कर दिया गया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस टीमों को उनका पता लगाने में लगाया गया है। हालात पूरी तरह से काबू में हैं।