शहरवासियों ने अटलजी के पुश्तैनी घर पर दी श्रद्धांजलि

Dec 25 2024

ग्वालियर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और ग्वालियर के सपूत स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार की सुबह से शहर में विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। कमल सिंह का बाग स्थित स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के पुश्तेनी निवास पर बुधवार सुबह से शहरवासी पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 
पूर्व प्रधानमंत्री और ग्वालियर के लाड़ले सपूत स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को कमल सिंह का बाग स्थित घर पर बुधवार सुबह भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने चित्र पर माल्यापर्ण कर फूल चढ़ाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा के जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, अनूप मिश्रा, माया सिंह, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, विनोद शर्मा, रामेश्वर सिंह भदौरिया, बिरजू शिवहरे, भरत दांतरे सहित अन्य भाजपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेसियों ने भी दी श्रद्धांजलि
देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को कमल सिंह का बाग स्थित घर पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, कांग्रेस नेता सुनील शर्मा सहित अन्य शामिल हैं।