प्रभु येशु का जन्मोत्सव हर्ष उल्लास से मना

Dec 25 2024

ग्वालियर। धर्मप्रांत के प्रवक्ता फादर प्रताप टोप्पो, फादर पवन डेविड एवं एबिल एक्सट्रोस ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 दिसंबर को रात 11 बजे क्रिसमस कैरोल गाए। प्रभु येशु के जन्म पर मध्य रात्रि 12 बजे चर्च में बजी घंटियां एवं मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। 
सेंट जॉन केथेड्रिल फालका बाजार में ग्वालियर धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष डॉ. जोसफ थायकाट्टिल, फादर माइकल अंतोन, पल्ली पुरोहित फादर जोसफ चिपसन, सहायक पल्ली पुरोहित फादर रोशन केरकट्टा, एवं धर्माध्यक्ष के सचिव फादर आरोक्यदास वेदी पर रहे। सेंट पॉल चर्च, मुरार में पल्ली पुरोहित फादर पायस कलथिवीट्टिल, सहायक पल्ली पुरोहित फादर पवन डेविड, एवं फादर एंटनी स्वामी ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया वहीं माउन्ट कार्मल चर्च, सिकन्दर कम्पू में फादर नेल्सन एवं फादर जेफरी ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया। गुड शेपर्ड चर्च, महाराजपुरा में शाम 6.30 बजे, फादर लॉरेंस डिसूजा, अध्यात्मिक गुरु फादर विंसेंट सोरिस, गुरुकुल के आचार्य फादर ऐ. डेविड, सहायक आचार्य फादर सानू अलुनकल, फादर मार्टिन जोसफ, फादर अरुण एवं पल्ली पुरोहित फादर जॉन पांड्यापल्लिल ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया क प्रभु येसु के जन्म पर सभी चर्च में घंटा बजाकर तारों के देश में, ऊंचे आकाश में, गाकर प्रभु येसु के जन्म की खुशी जाहिर की गई। 
तत्पश्चात धर्माध्यक्ष एवं पुरोहितों द्वारा प्रतिकात्मक बालक येसु को गोशाला में रखा गया। साथ ही अन्य गीत पैदा हुआ मेरा मसीहा, बोलो जयर, देखो चरनी में यहूदा नगरी में, तुम्हारे लिए चमका सितारा बड़ा दमका आदि गीत गाकर खुशी मनाई गई। अन्त में भजन चरवाहे नाचे झूमके गाया गया। मिस्सा के पश्चात धर्माध्यक्ष एवं पुरोहितों द्वारा केक काट कर सभी को बधाई दी। इस अवसर पर सभी ने एक दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी।
डॉ. जोसफ थायकाटिल द्वारा कुष्ठ आश्रम के परिवार के लिए दोपहर का भोजन दिया गया। धर्माध्यक्ष द्वारा क्रिसमस के पूर्व निराश्रित एवं गरीबों को कंबल एवं राशन वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही संत जोसफ हॉस्पिटल, खेरिया मोदी, बड़ा गाँव में भंडारे का आयोजन किया गया है। संत पॉल में भी गरीब बस्तियों में राशन एवं कंबल बांटे जाएंगे। 
27 दिसंबर को करुणा बिशप हॉउस, बड़ा गाँव में क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी धर्मगुरु, समाज सेवी, एवं समाज के गणमान्य जन को आमंत्रित किया गया है।