सराफा दुकानों में चोरी करने वाली ननद-भाभी जेवर सहित पकड़ी

Dec 25 2024

ग्वालियर। मुरार थाना पुलिस ने सराफा दुकानों में ग्राहक बनकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रही ननद-भाभी को जनभागीदारी से लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज की मदद से पकड़ा है, वही पुलिस ने पकड़ी गई ननद-भाभी से दो दुकानों में चोरी किए गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब पकड़ी गई महिला चोरों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि इन वारदातों के अलावा और कौन-कौन सी वारदातों को अंजाम नहीं दिया है।
मुरार थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने बताया कि दोनों महिलाओं ने गिर्राज मंदिर के पास स्थित अग्रसेन ज्वेलर्स और कालीचरण दर्शन लाल सराफ ज्वेलर्स पर वारदातों को महिला चोरों ने अंजाम दिया था। घटना का पता चलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर वहां पर लगे जन भागीदारी के कैमरों को चेक किया तो दो महिलाओं के फुटेज मिले। पुलिस ने चौराहों पर लगे सीसीटीवी से उनका रूट तैयार किया तो पता चला कि महिलाएं थाटीपुर इलाके से आती हैं। इसका पता चलते ही थाने के बल को महिला चोरों की तलाश में लगाया।
पुलिस टीम जब थाटीपुर स्थित नदी पार टाल पहुंची तो पता चला कि जिन महिलाओं को पुलिस तलाश रही है वह ननद और भाभी है और उनके नाम सोनम उर्फ सीमा और पद्मावती उर्फ ममता जाटव हैं और वह मूलत मुरैना के अंबाह की रहने वाली है।
इसका पता चलते ही पुलिस उनके घर पहुंची और दोनों को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में उनके घर से चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस पकड़ी गई महिला चोरों से पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा करने में लगी है।