खुद ट्रैक्टर बेचकर चोरी की रिपोर्ट लिखने पहुंचा पकड़ा गया

Dec 24 2024

ग्वालियर। एक युवक अपना ही ट्रैक्टर लुटने की झूठी एफआईआर दर्ज करवाने बेहट थाने जा पहुंचा। जहां उसकी कहानी सुनकर संदेह होने पर पुलिस द्वारा तस्दीक करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश कर लिया, जिसके बाद आरोपी अपनी गलती मानते हुए गिड़गिड़ाने लगा।
दरअसल ग्राम चक गुनारा निवासी अजय पुत्र अजमेर कुशवाह (19 वर्ष) ने बेहट थाने पहुंचकर बताया कि सुझार के जंगल में कुछ बदमाश मेरा ट्रैक्टर लूटकर ले गए हैं, अत: मुझे लूट की एफआईआर दर्ज करवाना है। जब उससे थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने घटना के बारे में पूछताछ की, तो वह सही जवाब नहीं दे सका। जिससे शंका होने पर टीआई अजय सिंह पंवार को इसकी जानकारी दी गई। जिनके निर्देश पर एफआरवी स्टाफ को घटना की तस्दीक करने के लिए सुझार के जंगलों में पहुंचाया गया। वहीं भी पूछताछ करने पर फरियादी बनकर आया युवक कोई भी सटीक जवाब नहीं दे पा रहा था।
युवक द्वारा काफी देर तक पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन जैसे ही पुलिस ने सख्ती बरती, वैसे ही उसने हकीकत बयान कर दी। जिसने बताया कि उसने अपना ट्रैक्टर ग्राम जमदारा निवासी राजीव कुशवाह को ढाई लाख रुपए में बेच दिया है, जिससे डेढ़ लाख रुपए ले लिए हैं, जबकि एक लाख रुपए लेना शेष हैं। जिसके बाद पुलिस ने कड़े शब्दों में समझाइश दी कि इस तरह से झूठी एफआईआर दर्ज करवाने पर वह स्वयं फंस जाएगा। जिस पर वह अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी मांगने लगा।