साइबर क्रिमिनल्स के खिलाफ गृह मंत्रालय ने कॉलर ट्यून जारी कर लोगों को सावधान किया

Dec 24 2024

ग्वालियर। बढ़ते साइबर अपराध और सीबीआई, कस्टम, पुलिस अफसर और जजों के नाम से लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने की आए दिन सामने आ रही घटनाओं को लेकर केन्द्रीय गृह मंत्रालय सख्त हो गया है। साइबर क्रिमिनल्स से लोगों को सावधान रहने के लिए गृह मंत्रालय लगातार अलग-अलग माध्यमों से प्रचार-प्रसार कर रहा है। इसी के तहत गृह मंत्रालय ने लोगों को सचेत करने के लिए एक और नया तरीका अपनाते हुए कॉलर ट्यून जारी की है।   
हर कंपनी के मोबाइल फोन पर इस समय यही कॉलर ट्यून सुनाई दे रही है। इसमें बताया जा रहा है कि आपके मोबाइल फोन पर अनजाने नंबरों से सीबीआई, पुलिस, कस्टम या जज के नाम से कॉल या वीडियो कॉल आते हैं तो सावधान रहें। अफसर या जज बनकर वीडियो कॉल करने वालों से डरें नहीं। यह साइबर अपराधी हो सकते हैं। इसकी शिकायत राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1930 नंबर पर तुरंत करें।
बता दें कि साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। साइबर क्रिमिनल्स द्वारा कभी सीबीआई अफसर बनकर तो कभी कस्टम और पुलिस अफसर या जन बनकर लोगों को वीडियो कॉल किए जाते हैं। किसी अपराध में शामिल होने की झूठी कहानी में उलझाकर लोगों को जाल में फंसा लिया जाता है। डिजिटल अरेस्ट करके जेल भेजने की धमकी देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करा लिए जाते हैं। गह मंत्रालय की कॉलर ट्यून सुविधा इतर के साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने में मददगार साबित हो सकती है।