दिव्यांग बच्चों की मदद के लिए म्यूजिकल नाइट में गुनगुनाए डॉक्टर्स

Dec 23 2024

ग्वालियर। दृष्टि बाधित बच्चों की मदद के लिए चैरिटेबल म्यूजिकल नाइट का आयोजन कैंसर हॉस्पिटल के शीतला सहाय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में शहर के जाने-माने डॉक्टर्स ने कई गानों पर अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में दृष्टि बाधित बच्चे सपना, पवन और रमाकांत ने भी अपनी प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। ग्लोब्स हैल्थ एवं वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दृष्टि एज्युकेशन सोसायटी के दृष्टि बाधित बच्चों की मदद करना था। कार्यक्रम के जरिए 51 हजार रुपए का चेक संस्था को दिया गया। श्रोताओं से भरे सभागार में कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अजय उपाध्याय व डॉ. कुलदीप सक्सेना, डॉ. हर्ष भट्ट ने एक से बढ़कर एक गाने की प्रस्तुति दी। इसके अलावा बाहर से भी आए डॉक्टरों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी। इनमे लखनऊ डॉ. आलोक दीक्षित, डॉ. दीपक सक्सेना, डॉ. नम्रता जोशी मुंबई, राजेंद्र महादिक, डॉ. सोनाली सोमानी, डॉ. गरिमा दीवान व सरताज सोमानी ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए श्रोताओं को बांध कर रखा। कार्यक्रम में कैंसर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. बी.आर श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।