कोचिंग जाने की कहकर लापता हुआ किशोर भोपाल में मिला ग्वालियर

Dec 22 2024

कोचिंग जाने की कहकर लापता हुआ किशोर को डबरा सिटी थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत महज 36 घंटे के भीतर भोपाल से बरामद कर लिया है। पुलिस टीम उसे अपनी कस्टडी में ग्वालियर लेकर आ गई है, जहां उसे परिजनों के सुपुर्द करने की औपचारिकता पूर्ण की जा रही है। गौरतलब है कि एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में गुमशुदा बालक- बालिकाओं की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल निवासी अमित कुमार ने डबरा सिटी थाने में सूचना दी थी, कि उसने अपने 16 वर्षीय बेटे को पढ़ने के लिए अगस्त से टेकनपुर में रहने वाले अपने साले अवधेश रजक के यहां छोड़ दिया था। जो बीती 18 दिसंबर की दोपहर घर से कोचिंग जाने की बोलकर गया था, लेकिन वापस लौटकर नहीं आया है। हमने आस पड़ोस सहित सभी रिश्तेदारों में उसे तलाशा, परंतु उसका कुछ पता नहीं चला है। इस पर पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त किशोर भोपाल में है। जिस पर पुलिस टीम को भोपाल रवाना किया गया। जो वहां से उक्त किशोर को बरामद कर ग्वालियर ले आई। पुलिस द्वारा उक्त किशोर के कोर्ट में 164 के कथन कराकर परिजन को सुपुर्द किया जाएगा। उक्त किशोर को दस्तयाब करने वाली पुलिस टीम में डबरा सिटी टीआई यशवंत गोयल, एसआई बलवीर मावई, आरक्षक जयकिशन व नीरज यादव शामिल थे।