कैंसर से पीडि़त पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने तोड़ा, एक साथ घर से उठी दो अर्थी

Dec 16 2024

ग्वालियर। कैंसर से जूझ रहे पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने भी उससे लिपटकर दम तोड़ दिया, इस घटना ने पूरे गांव को ग़मगीन कर दिया। घर से एक साथ दोनों की अर्थी उठी और एक ही साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना पुरानी छावनी के गांव गंगा-मालनपुर की है। 30 साल पहले दोनों ने मंडप के नीचे हमेशा साथ रहने का जो वादा पूरा किया था, उसे इस तरह साथ मर कर निभाया हैं।
गंगा-मालनपुर निवासी 55 वर्षीय हरिचरण यादव एलआईसी (लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन) में बतौर एजेंट काम करते थे। साथ ही गांव में खेती का काम भी संभालते थे। यही कारण था कि उनका आसपास के कई गांव में व्यवहार था। 30 साल पहले हरिचरण की शादी किशोरी यादव 51 से हुई थी। एक साल पहले हरिचरण यादव को कैंसर डिटेक्ट हुआ था। धीरे-धीरे उनकी हालत खराब होती जा रही थी। हर समय वह पत्नी किशोरी से कहते थे कि मैं जीना चाहता था, लेकिन शायद भगवान को यही मंजूर है कि मैं तुझे छोडक़र चला जाऊं।
हरिचरण यादव की जब कैंसर के कारण मौत हो गई। अस्पताल से उनका शव परिजन लेकर घर पहुंचे। उनकी पत्नी किशोरी 51 यह सदमा झेल न सकीं। पति की मौत के 20 मिनट बाद ही शव से लिपटकर रोते-रोते किशोरी ने प्राण त्याग दिए।
परिजन व रिश्तेदार और गांव वालों ने दोनों की अर्थी साथ ही सजाई और अंतिम संस्कार भी गंगा-मालनपुर गांव के श्मशान घाट में साथ-साथ ही किया गया। दोनों को पूरे गांव ने अंतिम विदाई दी है। 
हरिचरण और किशोरी बाई के तीन बेटे है। सबसे बड़ा बेटा राहुल, उससे छोटा रवि और शिवम है। राहुल और रवि की शादी हो चुकी है। दोनों बेटों के बच्चें भी हैं।