उप राष्ट्रपति ने देश का पहला जियो म्यूजियम जनता को समर्पित किया

Dec 15 2024

ग्वालियर। महाराज बाड़ा पर तैयार किए गए देश के पहले नेशनल म्यूजियम का रविवार की सुबह उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जनता को समर्पित करने के बाद अवलोकन किया और सिर्फ इतना ही कहा यह अद्भुत है। म्यूजियम में प्रवेश करने के बाद उप राष्ट्रपति ने प्राकृतिक संरचनाओं व घटनाक्रम कैसे घटित होते हैं, इसकी जानकारी ली। कुछ देर तक म्यूजियम घूमने और उसकी पूरी जानकारी लेने के बाद वह वहां से रवाना हो गए। मीडियाकर्मियों ने उनसे बात करनी चाहिए, पर उन्होंने बस इतना ही कहा कि आप सबका दिन मंगलमय हो। 
म्यूजियम का निर्माण मिनिस्ट्री ऑफ माइनिंग गवर्नमेंट इंडिया द्वारा 31 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। म्यूजियम में दो गैलरी हैं। पहली गैलरी में पृथ्वी की उत्पत्ति तथा दूसरी गैलरी में इंसान की उत्पत्ति के बारे में जानकारी दी गई है। भूकंप व ज्वालामुखी कैसे बनते व बिगड़ते हैं के साथ देश की खनिज सम्पदाओं की जानकारी उपलब्ध है। हीरा, पन्ना सहित बेशकीमती रत्नों की जानकारी मौजूद है। 
सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सब कुछ लाइव रहेगा, मतलब यह है कि म्यूजियम के अंदर प्रवेश करते ही महसूस कर सकेंगे कि प्रकृति क्या है? भूकंप कैसे आते हैं, ज्वालामुखी का निर्माण कैसे होता है सहित तमाम साइंटिफिक जानकारी उपलब्ध है।
इस मौके पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी मौजूद थे। 
वहीं ग्वालियर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव अपने साथ ग्वालियर के लिए सौगातों का पिटारा लेकर आए हैं। उन्होने रविवार को ग्वालियर में 1202 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।