धर्मेन्द्र अध्यक्ष और केतन प्रांत मंत्री बने

Dec 14 2024

ग्वालियर। देश के अग्रणी छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष के लिए धर्मेंद्र राजपूत पुन: निर्वाचित हुए है। साथ ही भिण्ड के केतन चतुर्वेदी प्रांत मंत्री चुने गए हैं।
अभाविप मध्यभारत प्रांत कार्यालय भोपाल से उनके निर्वाचन की घोषणा की गई। निर्वाचन अधिकारी डॉ. दीपक पालीवाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन दोनों पदों का कार्यकाल एक वर्ष का रहेगा एवं दोनों पदाधिकारी 19 से 21 दिसम्बर तक गुना में आयोजित अभाविप के 57 वे प्रांत अधिवेशन के दौरान अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
प्रांत अध्यक्ष बनाए गए श्री राजपूत यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी (आरजीपीवी) शिवपुरी में मैकेनिकल इंजीनियर विभाग में सहायक प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं। उनके विभिन्न शोध पत्र प्रकाशित हुए हैं एवं तकनीकी शिक्षा के विभिन्न विषयों पर उनका गहन अध्ययन है। इसके अलावा विद्यार्थी परिषद के विभिन्न पदों पर काम करने का लंबा अनुभव भी रहा है। 
वहीं प्रांत मंत्री बने केतन चतुर्वेदी की शिक्षा ग्वालियर के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय से बी कॉम तक हुई है। उन्होंने भी संगठन के विभिन्न पदों पर छात्र जीवन से काम किया है। केतन के प्रांत मंत्री बनने के साथ चंबल संभाग से यह तीसरा मौका है जब यहां से प्रांत में अहम् जिम्मेदारी मिली है। गौरतलब है कि इससे पहले वीडी शर्मा एवं अरविंद भदौरिया प्रांत में बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वाहन कर चुके हैं।