भाजपा की सरकार में लोगों की सफलता के द्वार खुले:मंत्री तुलसी सिलावट

Dec 14 2024

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में भाजपा के डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार में किसान, गरीब, महिला और युवाओं की सफलता के द्वार खुले है। इसकी उन्नति से ही प्रदेश की प्रगति के द्वार खुलेंगे। यह कहना है प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट का। प्रदेश सरकार के एक साल पूरा होने पर आज यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। 
 प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि 2023 के विधानासभा चुनावों में मध्यप्रदेश के प्रचण्ड एवं ऐतिहासिक जनआशीर्वाद से हमें यह राष्ट्रवादी सरकार प्राप्त हुई थी। इन चुनाव परिणामों से एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी का नारा चरित्रतार्थ हुआ था। सरकार का यह प्रथम वर्ष मध्यप्रदेश में सुशासन, विकास और विरासत के संवर्धन के लिए समर्पित रहा है। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ गौरवशाली सम्पन्न एवं विकसित मध्यप्रदेश की संकल्पना को साकार करने का ईमानदार प्रयास किया हैं। 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की उन्नति के लिए किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिए सफलता के द्वार खोल दिए हैं। इससे इन वर्गों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। स्वयं प्रधानमंत्री श्री मोदी आगामी 25 दिसम्बर को छतरपुर में केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना का शिलान्यास करने आ रहे हैं।
प्रदेश सरकार का एक साल पूरा होने पर शुरू किए गए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नागरिकों को लाभान्वित किया जाएगा और जन समस्याओं का मौके पर शिविर लगाकर निराकरण किया जाएगा। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार की शत-प्रतिशत सैचुरेशन वाली चिन्हित 34 हितग्राही मूलक योजनाओं में और 11 लक्ष्य आधारित योजनाओं के साथ विभिन्न विभागों से संबंधित 63 सेवाओं का शिविर लगाकर आमजन को लाभ दिया जाएगा। जन-कल्याण पर्व में विभिन्न विभागों की गतिविधियां, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन-के साथ जन-कल्याण के कार्य प्रमुखता से किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।