बुजुर्ग मां के दोनों हत्यारे बेटे पकड़े

Dec 13 2024

ग्वालियर। 88 वर्षीय मां की गला घोटकर हत्या करने वाले कलयुगी पुत्र डालचंद कोस्टा उम्र 53 साल तथा पप्पू उर्फ प्रेम नारायण कोस्टा उम्र 42 साल को पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों बेटे डालचंद कोस्टा और पप्पू कोष्टा को पुलिस ने उस समय पकड़ा जब वे घर से भाग रहे थे। पुलिस ने दोनों की जब कड़ाई से पूछताछ शुरु की तो उन्होंने अपना अपराध करना स्वीकार कर लिया है।
उपनगर ग्वालियर स्थित राय कॉलोनी में रहने वाली 88 साल की वृद्धा कमला देवी कोष्ठा की 9 दिसंबर को गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने पड़ोसियों की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच की जांच के दौरान विनोद राजपूत, महेश पटेल, सुनीता प्रजापति आदि के कथन लिए, उन्होंने बताया कि मृतका के दोनों बेटे डालचंद कोष्टा और पप्पू कोष्टा के बीच मृतिका कमला के भरण पोषण तथा उसे अपने पास रखने को लेकर विवाद होता था। दोनों ही वृद्ध मां को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं थे। इस पर वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण अधिनियम के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा बेग के अनुसार जब पुलिस पहुंची और प्रारंभिक जांच की तभी पुलिस को मामला संदिग्ध लगा था। मां की मौत पर दोनों बेटे फूट-फूट कर रो रहे थे और कह रहे थे कि उनकी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाए। इस पर और संदेह बढ़ा था।
दरअसल मृतका कमला की हत्या के बाद उसके बेटे इसे सामान्य मौत बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। अर्थी सज गई थीं। तब पड़ोस में रहने वाली महिला को मृतका के गले पर निशान दिखे तो उसे संदेह हुआ तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। 
मौके पर पुलिस पहुंची तो उसके पुत्र डालचंद कोष्टा ने बताया कि उसकी मां कमला कोष्टा पत्नी स्वर्गीय परमाल कोष्टा की बीमारी एवं वृद्धावस्था के कारण मृत्यु हो गई है। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले को जांच में लिया और मृतका का पोस्ट मार्टम कराया। पोस्टमार्टम में पता चला कि मृतका की गर्दन की हड्डी टूटी हुई है और उसे गला दबाकर मारा गया है। इस रिपोर्ट से हत्या का राजफाश होने पर पुलिस ने आरोपी डालचंद कोस्टा तथा पप्पू कोस्टा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।