वार्ड 39 में भाजपा प्रत्याशी 1076 मतों से जीती

Dec 12 2024

ग्वालियर। वार्ड 39 के पार्षद पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने यहां फिर से जीत हासिल की है। एमएलबी कॉलेज में की गई मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अंजली राजू पलैया ने विजयी हासिल की। जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती शिवानी आकाश खटीक को 1076 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। श्रीमती अंजली पलैया को 3 हजार 425 और श्रीमती शिवानी खटीक को 2 हजार 349 वोट मिले। इस जीत के साथ निगम परिषद में भाजपा की संख्या फिर से बराबर हो गई है।
गौरतलब है कि पूर्व सभापति राकेश महौर की पत्नी श्रीमती राजा बेटी माहौर इस वार्ड से भाजपा पार्षद थी। बीमारी के चलते उनका निधन हो गया, जिसके कारण वार्ड 39 पर यह उपचुनाव हुआ। वहीं कांग्रेस की इस हार के पीछे पार्टी के अंदर लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी बताई जा रही है।
निर्दलीय प्रत्याशी को 67 और नोटा को 33 वोट मिले
आठ टेबलों पर ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती 2 चक्रों में पूरी की गई। मतों की गिनती के बाद कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने उप चुनाव का परिणाम घोषित कर भाजपा की विजयी प्रत्याशी श्रीमती अंजली राजू पलैया को प्रमाणपत्र सौंपा। 
वार्ड 39 के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी को सिर्फ 67 मत प्राप्त हुए जबकि 33 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। मतगणना के दौरान प्रेक्षक राजा सिंह परिहार, जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन एवं एआरओ अशोक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।