संगीत और स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी में एमओयू

Dec 11 2024

ग्वालियर। राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय और स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय भोपाल के बीच एमओयू भोपाल में हुआ। इस एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालयों के बीच सांस्कृतिक आदान प्रदान के साथ ही दोनों विश्वविद्यालय एक दूसरे को शैक्षणिक अनुसंधानिक रूप से सहयोग करेंगे। 
दोनों विश्वविद्यालयों की ओर से फैकल्टी एसचेंज और छात्र विनिमय कार्यक्रम मिलकर चलाए जाएंगे। साथ ही दोनों संस्थान संयुक्त रूप से अनुसंधान कार्यक्रमों पर भी फोकस करेंगे। इन सभी गतिविधियों का लाभ छात्र-छात्राओं के साथ साथ शिक्षकों को भी होगा। इन उद्देश्यों के तहत समय समय पर सेमिनार, समेलन, कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 
इस समझौते पर राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से वित्त नियंत्रक डॉ. आशुतोष खरे एवं अकादमी शाखा प्रभारी डॉ. मनीष करवड़े ने और स्कोप ग्लोबल स्किल्स विवि की ओर से कुलसचिव डॉ. सितेश कुमार सिन्हा तथा डॉ. टीना तिवारी अधिष्ठाता, मानविकी एवं उदार कला विभाग ने दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपति प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे और डॉ.अजय भूषण की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। 
इस अवसर पर रबिन्द्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल की कुलपति डॉ. संगीता जौहरी, अधिष्ठाता डॉ. रुचि मिश्रा, स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय एवं रबिन्द्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय के अधिकारी, फैकल्टी मेंबर्स एवं संगीत वि. वि. के कार्यालय अधीक्षक योगेश शर्मा उपस्थित रहे।