संविधान निर्माता को कांग्रेस व भाजपा नेताओं ने किया नमन

Dec 06 2024

ग्वालियर। डॉ. भीमराव अंबेडकर के निर्वाण दिवस पर आज शहरवासियों ने उन्हें याद किया। इस अवसर पर मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि बाबा साहब ने जीवन पर्यंत शोषित पीडि़तों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया भाजपा सरकार आज उनके सपनों को पूरा करने में लगी हुई है। कुशवाह ने फूलबाग स्थित बाबा साहब अंबेडकर उद्यान में जाकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी पुष्पांजलि अर्पित की। 
वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, महापौर शोभा सिकरवार, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि बाबा साहव समाज में समरसता लाना चाहते थे। कांग्रेस भी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समरसता के लिए कार्य कर रही है। 
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव ही पीडि़त वर्ग के लिए कार्य किया है। सच्चे अर्थ में कांग्रेस बाबा साहब के मार्ग पर चल रही है। 
विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया आज यही संविधान हमे एक सूत्र में बांधे हुए है।
इस अवसर पर कांग्रेस के सुनील शर्मा, कांग्रेस की वार्ड 39 की प्रत्याशी शिवानी खटिक, चतुर्भुज घनोलिया, राकेश अग्रवाल सहित अन्य नेताओं ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वहीं भाजपा नेता महेन्द्र सिंह यादव, अशोक जैन, दीपक शर्मा, रामेश्वर भदौरिया सहित अन्य नेता अंबेडकर उद्यान में पहुंचे और उन्होंने बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की।