फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट लगाकर नगर निगम में नौकरी कर रहा कर्मचारी

Dec 06 2024

ग्वालियर। नगर निगम में फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी करने वाले कर्मचारियों की शिकायत की गई है। लोक मंत्रणा में पहुंचे शहर जिला कांग्रेस विकलांग कल्याण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनूप जौहरी ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि प्रकाश अहिरवार की जांच नहीं की गई तो न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। लोक मंत्रणा में उपस्थित महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने जांच का आश्वासन दिया।
निगम मुयालय में महापौर लोक मंत्रणा का आयोजन किया गया। लोक मंत्रणा में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार शिकायत सुनने को उपस्थित थीं। इस दौरान अनूप जौहरी ने नगर निगम में फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी करने वाले प्रकाश अहिरवार की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि 12-4-2024 को ग्वालियर नगर निगम सामान्य प्रशासन विभाग में एक सूचना के अधिकार के अंतर्गत जानकारी चाही थी कि विगत दस वर्षों में नगर निगम से संबंधित विभागों में कितने दिव्यांगजनों को नियुक्तियां दी गईं। नियुक्ति के समय जो जरूरी दस्तावेज निगम विभाग में आवेदकों द्वारा जमा किए गए उक्त सभी दस्तावेजों की छायाप्रति सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत चाही थी जिसमें नगर निगम सामान्य प्रशासन विभाग के लोक सूचना अधिकारी द्वारा सिर्फ एक कर्मचारी के दस्तावेज जौहरी को दिए गए थे। 
जिसमें उक्त दस्तावेजों में कुछ दस्तावेज संदेह के घेरे में हैं, जिसमें कूट रचित तरीके से दिव्यांग सर्टिफिकेट बनवाकर नगर निगम में नौकरी करने वाले कर्मचारी की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने मामले की जांच कराने के आदेश निगम अधिकारियों को दिए।
लोकमंत्रणा में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, गायत्री सुधीर मंडेलिया, संध्या सोनू कुशवाह, नाथूराम ठेकेदार, शकील मंसूरी, विनोद यादव माठू, अपर आयुक्त विजय राज, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।