जेयू युवा उत्सव के दूसरे दिन हुईं 7 स्पर्धाएं, देशभक्ति गीतों ने सबका मन मोहा

Dec 05 2024

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय अंतर जिला विवि स्तरीय युवा उत्सव के दूसरे दिन 7 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें एकल गायन शास्त्रीय, एकल गायन सुगम, समूह गान भारतीय, शास्त्रीय एकल वादन परकुशन,नान परकुशन, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताएं शामिल रही। कार्यक्रम में 8 जिलों के दल ने भाग लिया। 
एकल गायन शास्त्रीय में केआरजी की छात्रा उन्नति त्रिपाठी ने राग मध्य माद सारंग में बड़ा ख्याल से आरंभ कर तराने से प्रस्तुति का अंत किया। गुना पीजी कॉलेज की छात्रा राजकुमारी प्रजापति ने राग बसंत में छोटा ख्याल पर प्रस्तुति दी जिसमें तबले की संगत पर तीन ताल बजे। वहीं मुरैना जिले की छात्रा ने राग अहीर भैरव पर प्रस्तुति दी।एकल गायन सुगम में गुना दल के छात्र नीलेश भदौरिया ने सजा दो घर गुलशन सा मेरे सरकार आए हैं। लगे कुटिया भी दुल्हन सी मेरे सरकार आए हैं। पर प्रस्तुति देकर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। भिण्ड के दल ने मैं जोगणिया श्याम की मुझे लागी लगन मेरे श्याम की, लागी लगन मेरे श्याम लागी लगन घनश्याम कि, मैं बंजारन घनश्याम कि मुझे लागी लगन घनश्याम की पर प्रस्तुति दी।अशोकनगर के दल ने मुझको राधारमण कर दो ऐसा मगन करुणा निदान मुझ पर कृपा कर दीजिए। ब्रज में बसा कर मुझसे सेवा सुख लीजिए पर प्रस्तुति दी। समूह गान भारतीय में ग्वालियर के दल ने सुंदर पावन देश हमारा जब-जब देश पर संकट आया पाप अधर्म का बढ़ गया साया। तब महापुरुषों ने जन्म लिया पाप- अधर्म का नाश किया ऐसा देश हमारा पर प्रस्तुति देकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। अशोकनगर के दल ने खाई है कसम कभी नहीं झुकेंगे हम तिरंगा लहरा ले रे, तिरंगा लहरा ले रे पर प्रस्तुति दी। परकुशन नान परकुशन में सभी छात्रों ने शानदार प्रस्तुति दी। पोस्टर मेकिंग में छात्रों ने विकसित भारत 2047 को दिखाया।क्ले मॉडलिंग में सभी जिलों के छात्रों ने भारत की ऐतिहासिक धरोहरों पर मूर्तियां बनाईं। जिसमें छात्रा अर्चना गोखले व शिवानी माहौर ने लालकिला,गौरव धाकड़ ने मीनाक्षी मंदिर, दिव्या राय ने क़ुतुब मीनार, राधा शर्मा ने इंडिया गेट बनाया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जेएन गौतम, नवनीत कौशल, साधना गोले, स्मिता महाजन, शकील,संजय जादौन, आदर्श सहित विभिन्न जिलों के छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।