आपकी खामोशी आपकी दुश्मन है

Dec 01 2024

ग्वालियर। अपराध के प्रति आपकी खामोशी आपकी सबसे बड़ी दुश्मन है। इसके लिए आपको अपनी आवाज उठानी होगी, क्योंकि अपराध के प्रति आपकी चुप्पी भी उतनी ही खतरनाक है, जितना अपराधी की हरकत, यह बात महाराजपुरा थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में मुख्यमंत्री मोहन सिंह यादव की पहल पर चलाए जा रहे हम होंगे कामयाब अभियान में थाना प्रभारी पुरानी छावनी क्षमा राजौरिया, उपनिरीक्षक रश्मि भदौरिया, रागिनी परमार ने कहीं। 
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों का सबसे बड़ा दुश्मन उनकी खामोशी होती है, इससे अपराधियों का हौसला बढ़ता है और महिलाएं व युवतियों के साथ गंभीर घटना घटित होती है। इससे बचने का सबसे अच्छा तरीका घटना के शुरूआत में विरोध करने से हो सकता है, क्योंकि एक बार आरोपी की हरकत उजागर होने पर वह समझ जाता है कि अब कोई और हरकत की तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो जाएगी।
महिलाओं और युवतियों के साथ अपराध की शुरूआत घर के पास से ही शुरू होती है, इससे बचने के लिए बस डटकर सामना करे, जिससे अपराधी से आपको नहीं बल्कि अपराधी आपसे डरेगा। खुद को सुरक्षित रखने के साथ ही अब आस-पास रहने वाली महिलाओं और बच्चियों पर भी ध्यान देना है कि वह तो किसी शोषण का शिकार नहीं हो रही है।
 अपराधी के खिलाफ आपकी इस लड़ाई में कोई साथ दे या नहीं, लेकिन पुलिस हर कदम पर आपके साथ खड़ी है, बगैर किसी डर या भय के आप थाने आए, यहां पर आपकी बात सुनने के लिए महिला अफसर है और आपकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी। आपकी इस पहल में पुलिस हर कदम पर आपके साथ है।
गुड टच, बेड टच की दी जानकारी
इस दौरान स्कूली छात्राओं को पुलिस अफसरों ने गुड टच और बेड टच की जानकारी दी और बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना, उनकी समस्या के उचित समाधान किया गया एवं जेंन्डर आधारित अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, दहेज प्रताडऩा, छेड़छाड़, दुष्कर्म से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
इस मौके पर महिला आरक्षक आशा शर्मा, आरक्षक भीकम सिंह सिकरवार और गोविन्द सिंह राजावत भी मौजूद रहे।