एलटीटी-हरिद्वार एसी एक्सप्रेस का स्टॉपेज ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध कराया जाए: चेम्बर

Nov 30 2024

ग्वालियर । लोकमान्य तिलक टर्मिनस ( एलटीटी) एवं हरिद्वार के मध्य सप्ताह में 2 दिन संचालित होने वाली यात्री गाड़ी संख्या 12171/12172 का ठहराव ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध कराए जाने हेतु एक बार पुन: मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा केन्द्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र प्रेषित कर की है क्योंकि उक्त ट्रेन का वर्तमान में ठहराव ग्वालियर में नहीं होने के कारण ग्वालियर अंचल से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों/श्रद्धालुओं को इस ट्रेन का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि इस ट्रेन का ठहराव ग्वालियर स्टेशन पर उपलब्ध कराए जाने की माँग विगत् काफी लंबे समय से ग्वालियर अंचल वासियों द्वारा निरन्तर की जा रही है ।
चेम्बर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष हेमन्त गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव पवन कुमार अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस एवं हरिद्वार के मध्य चलने वाली उक्त एसी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव ग्वालियर के रेलवे स्टेशन पर किए जाने हेतु हमारे द्वारा विगत कई वर्ष से निरन्तर माँग की जा रही है।
परन्तु इस ट्रेन का ठहराव अभी तक ग्वालियर स्टेशन पर रेलवे द्वारा उपलब्ध नहीं कराए जाने से ग्वालियर अंचल से प्रतिदिन हजारों की संख्या में हरिद्वार के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों में रेलवे के प्रति काफी रोष देखने को मिल रहा है, जबकि ग्वालियर रेलवे स्टेशन मॉडल स्टेशन होने के साथ-साथ झाँसी मण्डल का सर्वाधिक राजस्व देने वाला रेलवे स्टेशन है। इसके साथ ही, ग्वालियर सांस्कृतिक रूप से एवं सामरिक दृष्टि सहित उच्च शिक्षा व पर्यटन की दृष्टि से भी एक अति महत्वपूर्ण शहर है । बावजूद इसके रेलवे द्वारा एलटीटी-हरिद्वार (ट्रेन नं.-12171/12172) ए.सी. एक्सप्रेस का ठहराव ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध नहीं कराया जाना, समझ से परे एवं औचित्यहीन प्रतीत होता है।