रीवा में कर्मचारियों की बहाली को लेकर उपमुख्यमंत्री के खिलाफ आंदोलन शुरू

Nov 27 2024

ग्वालियर। ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स अस्थाई कर्मचारी मोर्चा के आव्हान पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा रीवा मेडीकल के आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ की गई बदजुवानी के खिलाफ एवं रीवा मेडीकल से निकाले गए कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर सुबह से ही कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम कराने का आंदोलन प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में एक साथ शुरू कर 1 दिसंबर को मंत्री के निवास पर प्रदर्शन का आव्हान किया गया। 
छिंदवाड़ा के मेडीकल में शबनम अली, अस्पताल में शरद पंत की अगुआई में आंदोलन शुरू हुआ, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा शामिल हुए। रीवा में विपिन पांडे, शिवेंद्र पांडे के नेतृत्व में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। भोपाल मेडीकल में मोहन सगर, रज्जूमल की अगुआई में बडी संख्या में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर आंदोलन का समर्थन किया। भोपाल में ही बल्लब भवन, विकास भवन, डीपीआई, सतपुडा, विंध्यांचल में दीपक सिंह, राम द्विवेदी, आशीष सिंह, प्रकाश पुंज के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर रीवा के कर्मचारियों के साथ एकजुटता अभियान चलाया गया। विदिशा में राजेंद्र शर्मा, बैतूल में अनीता पाल, खण्डवा में अक्षय यादव, दतिया में बृजेश समाधिया, मुरैना में हर्ष शर्मा, सतना में डा अमित सिंह के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री के बयान के विरोध में शुरू हुए आंदोलन में काली पट्टी बांधकर भागीदारी की गई।
प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में शुरू हुए आंदोलन में हजारों आउटसोर्स, अस्थाई कर्मचारी स्वत शामिल हो रहे हैं। अनिल वाजपेई, राजभान रावत, उमाशंकर पाठक ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए पंचायतों एवं स्कूलों छात्रावासों के कर्मचारियों से काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराने का आव्हान करते हुए 1 दिसंबर को रीवा पहुंचने की घोषणा की है।
 वासुदेव शर्मा ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी एवं कमेटी सदस्य अपने अपने जिलों में काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराने का अभियान चला रहे हैं। जिसके तहत जगदीश परमार अलीराजपुर, जगदीश मांझी बडवानी, मंजीत गोस्वामी खरगोन, रोहित लोधी निर्वाचन विभाग में, विक्रम सिंह एवं अजय सिंह डायल-100 के आउटसोर्स कर्मचारियों के बीच, लल्लन शुक्ला इंदौर में आउटसोर्स, अस्थाई कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उन्हें आंदोलन में शामिल करने का अभियान चला रहे हैं।
  आउटसोर्स मोर्चा में उपमुख्यमंत्री के बयान से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है, रीवा के पांच कर्मचारियों की बर्खास्तगी ने आउटसोर्स, अस्थाई कर्मचारियों के गुस्से को कई गुना बढा दिया है जो काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराने के अभियान में दिखाई दिया, कर्मचारी स्वत आंदोलन से जुड रहे हैं और सोशल मीडिया पर काली पट्टी बांधकर काम करते हुए फोटो डाल रहे हैं।