बाल भवन में संविधान सभा पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई

Nov 26 2024

ग्वालियर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नम्बर को बाल भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ संविधान की उद्देशिका, मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्यों का वाचन किया। साथ ही सभी को संविधान दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं। इस अवसर पर निगमायुक्त अमन वैष्णव भी उपस्थित थे। बाल भवन परिसर में संविधान सभा पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में भाग लेने आए जनप्रतिनिधियों एवं शहर के नागरिकों ने बड़ी रुचि के साथ इस प्रदर्शनी को देखकर संविधान के संबंध में अपना ज्ञानवर्धन किया। 
 बाल भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित हुए कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, परिषद के उपनेता सत्ता पक्ष मंगल यादव, मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, श्रीमती गायत्री मंडेलिया, अनिल सांखला, पार्षद अंकित कट्टल, सुरेंद्र साहू, धर्मेंद्र राणा, भूपेंद्र कुशवाह, विनोद शर्मा एवं अपर आयुक्त विजय राज व मुनीष सिकरवार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी, एनयूएलएम के हितग्राही एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस मौके पर संविधान दिवस पर बाल भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में राज्य शासन द्वारा तैयार कराई गई संविधान पर केन्द्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस लघु फिल्म में भारतीय संविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका को बड़े करीने से रेखांकित किया गया है। 
बाल भवन में संविधान दिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रम में उन बैंक अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने विशेष रुचि लेकर पीएम स्वनिधि के अधिक हितग्रहियों को ऋण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दिया है।