नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन ग्वालियर में

Nov 25 2024

ग्वालियर। नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र (स्टेडियम) में होने जा रहा है। इस आयोजन की तैयारी के सिलसिले में आयुक्त नि:शक्तजन संदीप रजक ने अटल बिहारी वाजपेयी के दिव्यांग खेल स्टेडियम का जायजा लिया। 
इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांग खेल परिसर में स्थित सभी कॉम्प्लेक्स, विभिन्न खेलों से संबंधित सुविधायें व उपकरणों की जानकारी ली। नि:शक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं व अधोसंरचना की सराहना की। साथ ही कहा कि विभिन्न दिव्यांग क्लब से जुड़े दिव्यांगजनों को अटल बिहारी वाजपेयी सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्पोर्ट्स में प्रशिक्षण दिलाएँ, जिससे देश के दिव्यांगजन अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल कर सकें।