रामजानकी मंदिर पर भू-माफिया का अतिक्रमण, प्रशासन ने जमीन मुक्त कराई

Nov 23 2024

ग्वालियर। वार्ड 38 में बंडा पुल के आगे श्रीराम जानकी मंदिर की जमीन पर भू-माफिया द्वारा कर लिए गए कब्जे को शनिवार को प्रशासन की टीम ने मुक्त करा लिया। भू-माफिया ने मंदिर की करीब 9 बीघा जमीन मुक्त कराई है, जिसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का हंगामा न हो इसके लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। नगर निगम के मदाखलत अमले ने करीब एक घंटे की कार्रवाई में जमीन घेरने के लिए बनाई गई सीमेंट की बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया।
वार्ड 38 के बंडा पुल के आगे श्रीराम जानकी मंदिर बना हुआ है। इस मंदिर की करीब 9 बीघा जमीन पर भू-माफिया मनोहर लाल भल्ला ने सीमेंटेड दीवार बनाकर कब्जा कर लिया था। प्रशासन तक इस बात की जानकारी पहुंची तो कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस बेशकीमती जमीन को भू-माफिया द्वारा किए गए कब्जे को मुक्त कराने के निर्देश दिए। 
भू-माफिया मनोहर लाल भल्ला को प्रशासन द्वारा कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए, लेकिन उसने कब्जा नहीं हटाया। तय समय-सीमा में कब्जा न हटाने के बाद शनिवार की सुबह प्रशासन, नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कब्जा हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की। 
जिस जगह पर भू-माफिया मनोहर लाल भल्ला ने कब्जा कर रखा था वहां जमीन की रेट 5 हजार रुपए प्रति स्क्वायर फुट है। प्रशासनिक अधिकारियों ने जब कब्जा हटा दिया तो उसका हिसाब लगाया, जो करीब 98 करोड़ रुपए निकला। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि यह तो हमारा मोटा-मोटा आंकलन है, जमीन की कीमत इससे भी कहीं ’यादा होगी।