कॉम्बिंग गश्त में 187 को पहुंचाया जेल, 356 बदमाश किए चेक

Nov 23 2024

ग्वालियर। वारदातों पर लगाम लगाने के लिए बीती रात एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान पुलिस ने फरार बदमाशों के घर पहुंची और जब फरार बदमाशों की आंख खुली तो पुलिस उनके सिरहाने बैठी थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों के होश उड़ गए। गत रात में चलाए गए अभियान में पुलिस ने 187 उन बदमाशों को जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे, उन्हें हवालात पहुंचा दिया और साढ़े तीन सौ से ज्यादा बदमाशों को उनके घर पर चेक किया।
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस ने बदमाशों पर नकेल कसने और आम जनता को राहत देने के लिए जिले में एक साथ कॉम्बिंग गश्त की। जिसमें शहर से लेकर देहात के थानों की एक-एक विशेष टीम को लगाया गया, जिसकी मॉनीटरिंग एएसपी, सीएसपी और एसडीओपी द्वारा की गई।
कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 187 उन बदमाशों को पकड़ा है, जिनके खिलाफ स्थायी व गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने इन बदमाशों को पकडक़र न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
देर रात पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में देर रात सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले सात युवकों को पकड़ा है और उनके खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
देर रात शुरू किए गए कॉम्बिंग गश्त में शुरूआत में पुलिस चौराहों पर कार्रवाई कर रही थी, लेकिन जैसे ही एसपी सिंह के सडक़ पर आने का पता चला तो सभी थानों की पुलिस एक्शन में आ गई और ताबड़तोड़ कार्रवाई की। 
कॉम्बिंग गश्त शुरू करने से पहले ही पुलिस ने सभी थानों और हाइवों को सील कर दिया था, जिससे बदमाश भाग ना सकें। प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवान व अफसरों को तैनात करने के बाद पुलिस ने गली-मोहल्लों में दबिश दी और जो जिस हालत में मिला, पुलिस ने उसे थाने पहुंचा दिया। पुलिस के तेवर से फरार बदमाशों के परिजन विरोध नहीं कर सके।