जनता ने भाजपा के धनबल-बाहुबल को नकारा है: विधायक डॉ. सिकरवार

Nov 23 2024

ग्वालियर। कांग्रेस पार्टी की श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा और झारखण्ड में ‘इंडिया’ की हुई शानदार जीत पर आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा कर जश्न मनाया। 
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुये विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा का परिणाम रहा कि विजयपुर विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार के सारे हथकण्डे चुनाव में जनता ने फेल कर दिये और सरकार को बता दिया कि जनता कांग्रेस के साथ है। 
मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुये विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि धनबल-बाहुबल को जनता ने नकारा है और कांग्रेस पर विश्वास जताया है। विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि विजयपुर का चुनाव एक अलग तरह का चुनाव था जहां भारतीय जनता पार्टी नें मर्यादा तार-तार कर दी थी। बाहुबल-धनबल शासन, प्रशासन और गुंडे अपराधियों का सहारा भारतीय जनता पार्टी ने लिया था। लेकिन विजयपुर की जनता ने लोकतंत्र में भरोसा कायम रखते हुए उनको मुंह तोड़ जवाब दिया है और यह चुनाव विजयपुर की जनता लड़ी है और यह जनता की जीत है।
उन्होंने कहा कि  कहा जाता है कि जो मां जैसी पार्टी के साथ गद्दारी करेंगे उनको इसी प्रकार का सबक मिलेगा और विजयपुर की जनता ने सबक सिखा कर रामनिवास रावत को हराकर लोकतंत्र में अपना भरोसा व्यक्त किया है। विजयपुर की जीत का श्रेय में जनता को देना चाहता हूं। यह चुनाव विजयपुर की जनता ओर कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता ने लड़ा था और पूरी एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ी और इस चुनाव को लोकसभा चुनाव से देखते हुए लोगों में आक्रोश था, लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार पार्टी के साथ गद्दारी की जिसका सबक जनता ने उन्हें दिया है। डॉ. सिकरवार ने कहा कि झारखंड में इंडिया गठबंधन ने वापसी की है तो झारखंड के सभी नेताओं को श्रेय और कांग्रेस के सभी नेताओं को बधाई देता हूं। झारखंड में पुन: गठबंधन की सरकार बनी है।
रावत को जनता ने सबक सिखाया है: नीटू
पूर्व विधायक एवं विजयपुर चुनाव प्रभारी सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू ने विजयपुर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कहा कि लोकतंत्र में जनता का राज होता है। जनता चाहे जिसे राजा बना सकती है और जिसको चाहे रंक बना सकती है, इसलिए जनता की अपेक्षा पर जो खरा नहीं उतरेगा जनता ने उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि रामनिवास रावत को कांग्रेस के चिन्ह पर जनता ने जिताकर सदन में भेजा था 5 साल के लिए, लेकिन उन्होंने कुछ ही समय में कांग्रेस पार्टी छोडक़र जो कृत्य किया है, जिससे जनता आहत थी और जनता ने उनको सबक सिखाया है। में विजयपुर की जनता का नतमस्तक होकर आभार व्यक्त करता हूं और सभी कांग्रेस जनों को जीत की बधाई देता हूं।पार्टी के सभी बड़े नेताओं का भी आभार है,जिन्होंने पार्टी को जिताने के लिए दिन रात एक किया।
ललितपुर कॉलोनी में विधायक कार्यालय पर विजयपुर और झारखण्ड की जीत पर जमकर आतिशबाजी की गई और सैकडों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिष्ठान का वितरण कर खुशी जाहिर की गई। 
इस दौरान अवधेश कौरव, विनोद जैन, देवेन्द्र चैहान, अनूप शिवहरे, पार्षद प्रमोद खरे, पार्षद सुरेन्द्र साहू, पार्षद अंकित कठठ्ल, रामअवतार जाटव, डब्बू खान, शाहरूख खान, अशोक प्रजापति, राजा यादव समेत सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।