ओवर ऑल विजेता रहा ग्वालियर, इंदौर फस्र्ट रनरअप

Nov 23 2024

ग्वालियर। राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राज्य स्तरीय युवा उत्सव के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय मंच से दिया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर रहे। 
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि जीवन में सफल होना पर्याप्त नहीं है। जीवन का सार्थक होना जरूरी है और जीवन की सार्थकता समाज और राष्ट्र निर्माण में हमारी भूमिका से है। उन्होंने कहा कि जीवन मैराथन की तरह है हमे तय करना है कि हमें किस दिशा में और कैसे दौडऩा है।
संयोजक डॉ. गौरीप्रिया ने बताया कि अंतर जिला विश्वविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव के विजेताओं को अगले स्तर यानी सेंट्रलजोन स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जिसका आयोजन डॉ. हरिसिंह गौर यूनिवर्सिटी सागर में 26 से 30 नवंबर तक होगा।
कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे के मागदर्शन में हुए उत्सव के दूसरे दिन एकल शास्त्रीय नृत्य, समूह लोक नृत्य प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें ओवरऑल विजेता ग्वालियर रहा। फस्र्ट रनरअप इंदौर और सेकंड रनरअप छिंदवाड़ा रहा।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ एकल नृत्य शास्त्रीय से हुआ। इसमें प्रतिभागी ने कथक में कवित्व, तोड़ा, चकरदार परन, तिहाई, द्रुत लय में टुकड़ा, लड़ी के बाद ठुमरी की प्रस्तुति दी। अन्य प्रतिभागी ने राम स्तुति पर कथक की आकर्षक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर विवि की ओर से कुलसचिव प्रो. राकेश कुशवाह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. हिमांशु द्विवेदी, संयोजक डॉ. गौरीप्रिया, सहसंयोजक डॉ. पारुल दीक्षित सहित डॉ. अंजना झा, डॉ. संजय सिंह, विवेक पांडेय, डॉ. श्याम रस्तोगी, पीआरओ कुलदीप पाठक सहित कई लोग मौजूद थे।