औद्योगिक क्षेत्रों में निर्वाध विद्युत आपूर्ति के लिये सरकार कटिबद्ध: ऊर्जा मंत्री तोमर

Nov 22 2024

ग्वालियर। औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर से बेहतर विद्युत सेवाएं मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी सरकार की मंशा को समझें और विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत कर ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों में निर्वाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे। इसमें कोई ढि़लाई बर्दाश्त नहीं होगी। इस आशय के निर्देश ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार की रात औद्योगिक क्षेत्र में स्थित विद्युत उपकेन्द्र के औचक निरीक्षण के दौरान दिए। 
 निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने गत रात लगभग 3.30 बजे औद्योगिक क्षेत्र महाराजपुरा के विद्युत उपकेन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेन्द्र की उपस्थिति पंजी देखी। साथ ही विद्युत वितरण की स्थिति की जानकारी ली।