ट्रांसपोर्ट नगर में व्यापारियों ने सडक़ें और जल भराव को लेकर किया चक्काजाम
Nov 21 2024
ग्वालियर। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों ने खराब सडक़ों और जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार दोपहर बीच सडक़ पर ट्रक खड़े करके विरोध प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया।
व्यापारियों का आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर में जगह-जगह सडक़ें खुदी हुई हैं, जिनमें जलभराव हो रहा है। इसके अलावा, लक्ष्मीपुरम के सीवर का पानी उनकी दुकानों के बाहर जमा हो रहा है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं।
व्यापारियों के विरोध के कारण सडक़ पर लंबा जाम लग गया। हंगामे और चक्का जाम की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया और जाम समाप्त करवाया।
ट्रांसपोर्ट नगर यूनियन के सदस्य फूल सिंह माथुर ने बताया कि जब से ट्रांसपोर्ट नगर बना है, मैं यहां का सदस्य हूं। लेकिन अब तक हमें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली हैं। लक्ष्मीपुरम का सीवर का गंदा पानी हमारे ट्रांसपोर्ट नगर में आ रहा है, जिससे सबसे ज्यादा समस्या हो रही है। यहां न सडक़ों की व्यवस्था है, नालियां नहीं हैं और खंभों पर लाइट भी नहीं है।
उन्होंने कहा सरकार को करोड़ों रुपए टैक्स मिलता है, लेकिन यहां के अधिकारी सिर्फ एसी में बैठते हैं। हम लोग धूल-मिट्टी में काम कर रहे हैं, जिसके कारण हमारे बुजुर्ग समय से पहले ही बीमार होकर दुनिया छोड़ गए। ट्रांसपोर्ट नगर की धूल-मिट्टी प्रदूषण का मुख्य कारण बन रही है।
व्यापारियों ने नगर निगम कमिश्नर को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान 15 दिन के भीतर नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं निगम के डिप्टी कमिश्नर विजय राज ने कहा ट्रांसपोर्ट नगर में मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। यहां सडक़ों पर गड्ढे हैं और खंभों पर लाइट नहीं लगी हैं। कुछ दिन पहले कमिश्नर साहब ने निरीक्षण किया था और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। एक सडक़ का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसका टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू होगा।
एधर एसडीएम ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को 10-15 दिन के भीतर प्राथमिकता के आधार पर गड्ढे भरने और जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









