जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय महिला मैराथन 24 को

Nov 21 2024

ग्वालियर। वनबंधु परिषद युवा शाखा की मेजबानी में 24 नवंबर को राष्ट्रीय महिला मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में कुल 1 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। मैराथन के दोनों वर्गों में करीब 2 हजार महिला धावकों के भाग लेने की संभावना है।
आयोजन सचिव संचिता गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि वनबंधु परिषद युवा शाखा पहली बार राष्ट्रीय महिला मैराथन का आयोजन कर रही है। मैराथन सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगी। जूनियर वर्ग में 5 किलोमीटर और सीनियर वर्ग में 10 किलोमीटर की यह दौड़ होगी। इसके अलावा 3 किलोमीटर की फन रन का भी आयोजन किया जाएगा। मैराथन में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। दोनों वर्गों के विजेता धावकों को 15-15 हजार, दूसरे स्थान पर 10-10 हजार और तीसरे स्थान रहने वालों को 7-7 हजार रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा 20 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।  धावकों को चेस्ट नंबर का वितरण जीवाजी क्लब में सुबह 11 से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
मैराथन में मप्र, उप्र राजस्थान और दिल्ली से धावक भाग लेंगे। धावकों को जगह-जगह पानी व एनर्जी ड्रिंक भी दिया जाएगा। मैराथन में भाग लेने वाले धावकों को चेस्ट नंबर, टी-शर्ट, फूड पैकेट और ई-सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। धावकों का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।