वार्ड 17 की पार्षद किरण वर्मा काम शुरु कराने भूख हड़ताल पर बैठीं

Nov 20 2024

ग्वालियर। आकाशवाणी तिराहा के पास स्थित झलकारी बाई की प्रतिमा स्थल की अनदेखी के कारण वार्ड 17 की कांग्रेस पार्षद किरण वर्मा अपने समर्थकों के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि अपनी मौलिक निधि देने के बाद भी प्रतिमा स्थल पर सीढिय़ां नहीं लगाई गईं, जबकि 22 नवंबर को वहां मेला आयोजित होगा। 
पार्षद के भूख हड़ताल पर बैठने की जानकारी मिलते ही अन्य कांग्रेस पार्षद भी धरना स्थल पर पहुंच गए और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
भूख हड़ताल पर बैठीं वार्ड 17 की पार्षद किरण वर्मा का कहना था कि उन्होंने बहुत पहले ही चार लाख रुपए की मौलिक निधि देने का पत्र नगर निगम अधिकारियों को दे दिया था। कार्य का टेंडर हुआ, वर्क ऑर्डर हुआ, भूमि- पूजन भी हो गया, लेकिन काम अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ। उनका कहना था कि झलकारी बाई के प्रतिमा स्थल पर प्रतिवर्ष 22 नवंबर को मेला लगता है।
अभी तक वहां सीढिय़ां नहीं लगाई गईं, प्रतिमा स्थल पर न तो रंगाई हुई न पुताई हुई। झलकारी बाई पार्क की हालत ऐसी है कि वहां चारों तरफ गंदगी पसरी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक झलकारी बाई के प्रतिमा स्थल पर काम शुरु नहीं होता और वहां रंगाई-पुताई नहीं होती तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।