निगमायुक्त ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को लगाई फटकार

Nov 20 2024

ग्वालियर। शहर की व्यवस्था और लापरवाह अधिकारियों को शंट करने की प्रक्रिया निगमायुक्त अमन वैष्णव लगातार जारी रखे हुए हैं।
इसी क्रम में बुधवार को निगमायुक्त महाराज बाड़ा क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे और खराब सडक़ निर्माण को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगा दी। ठेकेदार की जानकारी लेने के बाद उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चोपट मिली तो स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सही रखें।
महाराज बाड़ा क्षेत्र पहुंचे निगमायुक्त अमन वैष्णव ने गांधी मार्केट का निरीक्षण किया। वहां विभाग का पुराना ऑफिस बना हुआ है। इसकी सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कुछ ऐसा करो जिससे दुकान निकल आए। इसे किसी को आवंटित करने की प्रक्रिया करो, जिससे नगर निगम की आय बढ़े।
गजराराजा मार्केट में भी नगर निगम की कुछ दुकानें खाली पड़ी हुई हैं। इन दुकानों को लेकर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि आबंटन की प्रक्रिया करके खाली दुकानों को दिया जाए।
वहीं चाबड़ी बाजार में सडक़ की हालत देखकर निगमायुक्त काफी नाराज हुए। उन्होंने कहा कि सडक़ पर हर तरफ गड्ढे ही गड्ढे ही नजर आ रहे हैं। अगर यह सडक़ गारंटी पीरिएड में है तो ठेकेदार को नोटिस दो और सडक़ सही करवाओ। गारंटी पीरिएड में नहीं है तो फिर इसे बनवाने का कार्य किया जाए।
औषधालय की जमीन खाली करवाई
किला गेट पर नगर निगम के औषधालय पर किसी ने कब्जा कर लिया था। वहां पहुंचे निगमायुक्त ने यह हालात देखे तो निर्देश दिए कि औषधालय से कब्जा तत्काल हटवाया जाए। निर्देश मिलते ही मदाखलत अमला सक्रिय हुआ और कब्जे को हटवाया। जगह की तुरंत सफाई भी करवाने को कहा।