ढाबे पर बुलाकर गोली मारी, पुलिस ने दोनो आरोपी पकड़े

Nov 17 2024

ग्वालियर। आपसी मामला सुलटाने के लिए ढाबे पर बुलाकर दो लोगों को गोली मारकर फरार हुए बदमाशों को पुलिस ने पकडक़र हवालात पहुंचा दिया है।
घटना बिजौली थाना क्षेत्र में गत देर रात करीब साढ़े नौ बजे घटी थी और रविवार का सूरज निकलने से पहले ही दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकडक़र हवालात पहुंचा दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। 
जो युवक गोली लगने से घायल हुए हैं, उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। दोनों ही खतरे के बाहर निकल आए हैं।
इस मामले में पुलिस ने अजीत राणा और संजय गुर्जर को आरोपी बनाया है। दोनों ही छंटे-छंटाए हैं। अजीत के बारे में पता चला है कि उसके खिलाफ तो मुरार थाने में पहले से ही दो मामले हेकड़ी के दर्ज हैं और हेकड़ी दिखाना उसका काम सा बन गया है। संजय गुर्जर का पुलिस रिकॉर्ड खंगालने में लगी है। इनकी गोली से रवींद्र राणा व उसका साथी घायल हुआ है। इनके पेट व हाथ में गोली लगी है।
पुलिस को जो कहानी पता चली है कि उसके मुताबिक दोनों ही पक्षों के बीच कोई पुराना मसला लंबे समय से लंबित है और इसी मामले में बात करने के लिए अजीत राणा ने रवींद्र राणा को बुलवाया था। मुलाकात ढाबे पर होना तय हुई थी। चारों लोगों का जमावड़ा एक ढाबे पर हुआ और मामला इतना गर्म हो गया कि अजीत राणा ने लाइसेंसी राइफल से फायर ठोकना शुरु कर दिया।
वारदात करने के बाद दोनों ही आरोपी अपनी स्विफ्ट कार में बैठकर भाग निकले। वहीं घटना की खबर मिलते ही बिजौली पुलिस को एक साथ दो काम करने पड़े। एक तो घायलों को तुरंत जान बचाने भेजो और आरोपियों का पीछा करो।
पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह ने कहा पुलिस आरोपियों के पीछे वारदात के तुरंत बाद लग गई। सबसे पहले वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को बरामद किया। इसके बाद दोनों ही आरोपियों को ना तो भागने दिया ना ही सोने का कोई मौैका दिया। वारदात के बाद पांच घंटे तब हुए जब दोनों ही आरोपी पुलिस के हाथ लग गए। 
अजीत राणा के बारे में पता चला है कि वह नेतागिरी भी करता है। संभवत: जनपद सदस्य भी है। अपराध में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल भी पुलिस ने जब्त ली है। इसका फोरेंसिक परीक्षण करवाया जा रहा है।