कलश यात्रा के साथ हुआ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का श्रीगणेश

Nov 11 2024

ग्वालियर। श्रीमद् भागवत कथा भौतिक जीवन से आगे बढक़र सुखी रहना सिखाती है। यह बात कथा व्यास पीठ से आचार्य राम श्याम तिवारी ने न्यू जवाहर कॉलोनी कंपू में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के प्रथम दिवस भक्तों को कथा सुनाते हुए कही। कथा के पूर्व कलश शोभा यात्रा निकाली गई। जो बिजासेन माता मंदिर गुड़ा गुड़ी के नाके से प्रारंभ हुई। किरार कॉलोनी, टोटा की बजरिया, बटालियन, आर्मी बजरिया, चना कोठार, जवाहर कॉलोनी होते हुए कथा स्थल न्यू जवाहर कॉलोनी पर संपन्न हुई। कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
कथा व्यास पीठ से आचार्य राम श्याम तिवारी ने कहा भौतिकवादी जीवन में जरूरतों की कभी पूर्ति नहीं हो सकती। शिक्षार्थी अपने विद्यालय विश्वविद्यालय में अच्छे अंक प्राप्त करने के बाद सुख की अनुभूति करता है। तो युवा अच्छी नौकरी मिलने पर, अच्छी नौकरी मिल गई तो अच्छी पत्नी मिलने पर, अच्छी पत्नी मिल गई तो अच्छे बच्चे मिलने पर, अच्छे बच्चे मिल गए तो उनका जीवन चक्र अच्छे से चलता रहे तब। और यह संभव नहीं है कि सभी सुख मनुष्य को प्राप्त हो सके इसीलिए वह किसी न किसी दुख से ग्रसित हो जाता है और दुखी रहते रहते हुए अवसाद में चला जाता है। अवसाद दुनिया की भविष्य में सबसे बड़ी बीमारी होगी। जिससे दुनिया को श्रीमद् भागवत कथा ही बचाएगी। कोई दवाई काम नहीं आएगी।
इस अवसर पर कथा परीक्षित विमल ब्रज बिहारी बाजपेयी, केएल कुशवाह, शुभम चौधरी, राधेश्याम कुलश्रेष्ठ, जितेंद्र राजावत, राजेंद्र गुरेले, सीमा शर्मा सहित सैकड़ो भक्तगण उपस्थित रहे।