एमपी की बॉडी बिल्डर वंदना ठाकुर ने मालदीव में जीता ब्रॉन्ज मेडल

Nov 11 2024

भोपाल। भारतीय बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन द्वारा मालदीव्स के कैनारेफ रिजॉर्ट में 5 से 15 नवंबर 2024 तक आयोजित 15वें वल्र्ड बॉडी बिल्डिंग और फिजीक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2024 में मध्य प्रदेश की बॉडी बिल्डर वंदना ठाकुर ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह मेडल वंदना ने महिला बॉडी बिल्डिंग के अंतर्गत 55 किलोग्राम से अधिक की श्रेणी में जीता है। 
प्रतियोगिता में दुनिया भर से टॉप बॉडी बिल्डर्स ने हिस्सा लिया, जिसमें एमपी की इकलौती बॉडी बिल्डर के रूप में गर्व से भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वंदना ठाकुर की यह सफलता भारतीय बॉडी बिल्डिंग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने अपने अद्वितीय प्रदर्शन से न सिर्फ अपने देश का नाम रोशन किया, बल्कि महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई हैं। इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ऑफ मालदीव्स (बीबीएएम) द्वारा किया गया, जो वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग और फिजीक स्पोर्ट्स फेडरेशन (डब्ल्यूबीपीएफ) द्वारा समर्थित है। 
वंदना ठाकुर ने अपनी जीत के बाद कहा कि मैं अपने देश के लिए कुछ कर पाई, यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। देश को गर्व महसूस कराना ही मेरा लक्ष्य है। यह जीत मेरे कोच, मेरे परिवार और मेरे सभी समर्थकों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है। इसलिए मैं उन सभी को दिल से धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने इस यात्रा में मेरा साथ दिया। यह जीत सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि यह विजय घोष हमारे देश का है। आज मैं खुशी से कह सकती हूं कि मुझे मेरी मेहनत का फल मिल गया है और मेरा समर्पण व परिश्रम रंग लाया है। अब मुझे देश के लिए गोल्ड लाने के लिए कड़ी मेहनत करना है, यही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।’
गौरतलब है कि इस साल की वल्र्ड बॉडी बिल्डिंग और फिजीक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में दुनिया भर से कुल 30 देशों के लगभग 250 से अधिक बॉडी बिल्डर्स ने हिस्सा लिया। 
भारतीय बॉडी बिल्डर्स ने हमेशा ही अपनी शारीरिक क्षमता को साबित किया है और वंदना की जीत ने यह सिद्ध कर दिया कि भारतीय महिला बॉडी बिल्डर्स भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। वंदना ठाकुर की सफलता ने भारतीय बॉडी बिल्डिंग को एक नया उत्साह और दिशा दी है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के साथ प्रयास किया जाए, तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वंदना की इस जीत से न सिर्फ महिला बॉडी बिल्डिंग को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि पूरे देश में फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।