शराब पीने से रोका तो बदमाशों ने किए फायर

Nov 10 2024

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र स्थित लाइन नंबर 11 में बदमाशों को शराब पीने से रोकने पर दुकान पर तीन फायर ठोक दिए और भाग गए। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले डिस्पोजल कारोबारी काली सिकरवार ने सत्यवीर जाट और उसके दोस्त को रात के समय अपनी दुकान के बाहर शराब पीने से रोका तो बदमाशों ने उस देख लेने की धमकी दी थी। 
इसी को लेकर सत्यवीर जाट ने रविवार को अपना रौब दिखाने के लिए 315 और 32 बोर के हथियार से एक के बाद एक तीन फायर कर दिए, गोली चलाने से शटर के आरपार गोली चली गई। गोली चलने से 11 नंबर लाइन में भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए। पीडि़त दुकानदार ने इसकी सूचना हजीरा थाना पुलिस को दी।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
काली सिकरवार ने दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज दिखाए जिसमें सत्यवीर फायर करते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इधर पुलिस को बताया कि बदमाश गोली चलाने के बाद धमकी देकर भाग गए।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि गोली चलाने वाले बदमाश शराबी और अपराधी हैं। आए दिन वह दुकानदारों पर रौब गांठते हैं और वसूली भी करते हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस पीडि़त से पूछताछ कर रही थी।