किसी भी आपात स्थिति में डरें नहीं, अपने पैरेंट्स और पुलिस को सूचित करें

Nov 10 2024

ग्वालियर। किसी भी आपात स्थिति में डरें नहीं और न ही किसी घटना को छुपाएं। आपके साथ कोई भी घटना होने पर तत्काल अपने पैरेंट्स और पुलिस को सूचित करें। यह हिदायत कोतवाली का भ्रमण करने आए स्कूली छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए पुलिस अफसरों ने दी। 
यहां बता दें कि एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों पर महिला जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत हुजरात पुल पर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र छात्राएं, प्रिंसिपल व स्कूल टीचर्स कोतवाली थाने का भ्रमण करने पहुंचे। इस दौरान कोतवाली टीआई आरके सिंह एवं एसआई मोहिनी वर्मा द्वारा उन्हें थाने पर होने वाली कार्रवाई एवं अन्य कार्य के संबंध में अवगत कराया गया। 
तत्पश्चात उनको असंवेदनशीलता, रुढि़वादिता, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों, नशा मुक्ति, अशिक्षा, दहेज की मांग, लिंग भेद, भ्रूण हत्या, गुड टच बेड टच एवं ईव टीजिंग आदि के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर उन्हें बेटी की पेटी और निर्भया मोबाइल सहित 100 डायल आदि की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। 
अंत में टीआई श्री सिंह द्वारा सभी बच्चों को चॉकलेट का वितरण किया गया। जिसके बाद वह बड़े उत्साह के साथ थाने से रवाना हुए।