सनातन धर्म मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा आरंभ हुई

Nov 08 2024

ग्वालियर। सनातन धर्म मंदिर में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा आरंभ हुई। कथा के प्रथम दिवस मे गणेश पूजन के पश्चात कलश यात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर ऊंटपुल, हाईकोर्ट, जयेंद्रगंज चौराहा होते हुए कथा स्थल सनातन धर्म मंदिर पहुँची। जहां कथा व्यास सतीश कौशिक महाराज ने प्रथम दिवस भगवत कथा के महात्म्य को सुनाते हुए भागवत कथा सुनने के लाभ बताये।
सतीश कौशिक महाराज ने कहा कि भगवान की भक्ति करने की प्रेरणा भागवत कथा से प्राप्त होती है। जिस प्रकार भक्ति मैया के दो पुत्र ज्ञान और वैराग्य को मुक्ति श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से ही मिली थी। भागवत कथा श्रवण से भक्ति ज्ञान और वैराग्य पुष्ट होते हैं। धुंधकारी जैसे भयंकर प्रेत को मुक्ति श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से ही मिली। प्रेत तामस योनि है, जो भगवान का भजन करता है, सात्विक मंत्र जप करता है उसके पास प्रेत नहीं आ सकते। प्रतिकूलता में भी जो परमात्मा की कृपा का अनुभव करता है वही सच्चा भक्त है। जो सुख को चाहे सदा शरण राम की लेय। जो मनुष्य तन मन और धन से परमात्मा के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित है वही मुक्त है। 
कथा के मुख्य यजमान श्रीमती सरोज बंसल, अजय बंसल, विजय बंसल, श्रीमती गीता बंसल, श्रीमती शशि बंसल, ने भागवत जी की आरती उतारी। आरती उपरांत प्रसाद वितरण हुआ।