फर्जी नंबर प्लेट से कार चला रहे दो युवक पकड़े

Nov 06 2024

ग्वालियर। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे दो युवकों को झांसी रोड थाना पुलिस ने रात डेढ़ बजे पकड़ा है। जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
झांसी रोड थाना पुलिस को गत देर रात पिन पॉइंट सूचना मिली थी, कि विक्की फैक्ट्री स्थित रेलवे ब्रिज के पास से एक कार निकलने वाली है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई है। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। 
इसी बीच वहां से निकल रही एक स्विफ्ट कार के चालक ने पुलिस को देखते ही गाड़ी रिटर्न कर भागने का प्रयास किया। जिसे पुलिस टीम ने भाग कर पकड़ लिया। कार सवार युवकों से की गई पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिषेक पुत्र राम दुलारे जाटव (19 वर्ष) निवासी विवेक कॉलोनी थाटीपुर एवं प्रिन्स निवासी दुल्लपुर बताया।
पुलिस द्वारा कार पर लगी हुई प्लेट का नंबर जब एमपी ट्रांसपोर्ट की साइट पर ऑनलाइन सर्च किया गया, तो वह स्विफ्ट का ही शो हो रहा था, जिससे वहां मौजूद पुलिस अफसर भी चकरा गए कि उन्होंने शायद गलत गाड़ी रोक ली है। चूंकि इंफॉर्मेशन सटीक थी, इसलिए तस्दीक करने के लिए इंजन नंबर व चेसिस नंबर से मिलान किया गया, तो हकीकत सामने आ गई, कि उक्त कार पर उसी कंपनी की दूसरी कार की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाई जा रही है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए युवकों से की गई पूछताछ में उनका कहना है, कि पुलिस व आरटीओ की चेकिंग में चालान से बचने के लिए वह उसी कंपनी की दूसरी कार का नंबर डाल रखा था। हालांकि पुलिस को उनकी बात पर भरोसा नहीं हो रहा है, क्योंकि आशंका है कि किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने के मकसद तो उन्होंने यह फर्जी नंबर प्लेट नहीं लगा रखी थी। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हकीकत का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी चेक कर रहे हैं।