आज रूस से राजयोगिनी संतोष दीदी ग्वालियर आयेंगी, विभिन्न विषयों पर प्रवचन देंगी

Nov 03 2024

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की अंतर्राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता एवं सेंट पीटर्सबर्ग रशिया केन्द्र की निदेशिका राजयोगिनी बीके संतोष दीदी पांच दिवसीय प्रवास पर आज 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंच रही है। बीके संतोष दीदी पहली बार ग्वालियर आ रही है। 
कार्यक्रम की आयोजक ब्रह्मकुमारीज लश्कर केन्द्र की मुख्य संचालिका बीके आदर्श दीदी एवं बीके प्रहलाद ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि ब्रह्मकुमारी संस्थान इसी वर्ष ग्वालियर में आध्यात्मिक शिक्षा एवं जन सेवा के 63 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस उपलक्ष्य में ग्वालियर केन्द्र लश्कर केन्द्र की डायमंड जुबली हीरक जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बीके संतोष दीदी 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। वहां संस्थान के सदस्यों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। तत्पश्चात दीदी सीधा ब्रह्मकुमारी के प्रभु उपहार भवन माधवगंज केन्द्र पहुंचेंगी। दीदी बीके संतोष पांच नवंबर से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। 
बीके आदर्श ने बताया कि बीके संतोष दीदी 5 नवंबर को माधवगंज केन्द्र पर 9 से एक बजे तक तथा शाम को 5 से 7:30 बजे तक संस्थान से जुडे भाई बहनों के लिए आयोजित ध्यान साधना शिविर को संबोधित करेंगी। 
6 नवम्बर सुबह 10 बजे से 1 बजे तक महाराजपुरा गोल्डन वल्र्ड रिट्रीट सेंटर में भोपाल ज़ोन के विभिन्न जिलों की टीचर्स बहनों से मुलकात एवं कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। तत्पश्चात शाम 5 से 7:30 बजे तक माधवगंज केंद्र पर युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
7 नवम्बर को दूसरे ग्रुप के लिए माधवगंज केंद्र पर श्रद्धालुयों के लिए आयोजित ध्यान साधना शिविर को संबोधित करेंगी।
8 नवम्बर को प्रात: 7:30 से 9 बजे तक भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के सभागार में शहर के सम्मानीय नागरिको के लिए ईश्वरीय शक्तियों से चुनौतियों का सामना विषय पर प्रेरक उद्बोधन एवं मेडिटेशन का कार्यक्रम रहेगा।
8 नवम्बर को ब्रह्माकुमारीज केंद्र के 63 वर्ष पूर्ण होने पर शाम को 5 से 7:30 बजे तक भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के सभागार में ही हीरक जयंती समारोह का कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें ब्रह्माकुमारीज भोपाल ज़ोन की क्षेत्रीय निदेशिका राजयोगिनी बीके अवधेश दीदी एवं शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। 
बीके संतोष दीदी का जन्म 1964 में दिल्ली, में शिक्षित और धार्मिक परिवार में हुआ था। 1977 में अपने माता-पिता के साथ आप ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संपर्क में आये। प्रारंभ से ही दीदी जी की आध्यात्मिकता में रूचि रही तथा ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के संपर्क द्वारा राजयोग ध्यान के नियमित अभ्यास से आपने कई दिव्य अनुभूतियाँ की। वर्ष 1983 में अपना सम्पूर्ण जीवन ईश्वरीय सेवाओं में समर्पित कर दिया। 1983 से 1989 तक उन्होंने भारत में, विशेष रूप से दिल्ली और संबंधित क्षेत्रों में आध्यात्मिक सेवाएं दी। 
वर्तमान समय में आप क्षेत्रीय सांस्कृतिक और शैक्षिक गैरसरकारी संगठन सेंट पीटर्सबर्ग ब्रह्मा कुमारी केंद्र के निदेशक, रूस, सीआईएस और बाल्टिक क्षेत्र में ब्रह्मा कुमारी सेवाओं के संयुक्त क्षेत्रीय समन्वयक, दिव्य प्रकाश कला और सांस्कृतिक समूह के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं।