आरएसएस प्रमुख भागवत ने लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचकर दी पुष्पांजलि

Nov 02 2024

ग्वालियर। केदारपुर धाम में चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चार दिवसीय अखिल भारतीय विविध संगठन प्रचारक वर्ग के तीसरा दिन शनिवार सुबह सत्र की शुरुआत से पहले आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत सहित संघ के अन्य पदाधिकारी रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पर पहुंचे। यहां मोहन भागवत ने पुष्पांजलि अर्पित कर लक्ष्मीबाई को विनम्र श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आरएसएस प्रमुख ने समाधि की परिक्रमा कर हाथ जोडक़र प्रमाण किया।
आरएसएस के विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी ने बताया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जिस शहर में होते हैं, वे उस शहर में मौजूद आजादी के नायक और शहीदों की प्रतिमा पर जाते हैं। इसी कड़ी में वह रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर भी पहुंचे।
ग्वालियर की जमीन पर 31 अक्टूबर (दीपावली) से 4 नवंबर तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का विविध संगठन प्रचारक प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो चुका है। इसमें आरएसएस के 31 संगठनों के 554 प्रचारक भाग ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण वर्ग में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित संघ के सभी सहसरकार्यवाह और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए हैं।