इंदिरा गांधी और पटेल को शहरवासियों ने किया याद

Nov 02 2024

ग्वालियर। भारत रत्न एवं देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को शहरवासियों ने याद किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने देश के लिए दोनों नेताओं द्वारा दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश ने विश्व की सबसे बड़ी सैनिक विजय प्राप्त की थी, जिसमें एक राष्ट्र बांग्लादेश का उदय हुआ था। वहीं लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल देश को एकता के सूत्र में बांधा था।
लेडिज़ पार्क स्थित इंदिरा गांधी के प्रतिमा स्थल पर सुबह कांग्रेसजन एकत्रित हुए यहीं पर सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र को रखकर सभी कांग्रेस जनों ने इंदिराजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। 
इस अवसर पर विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि इंदिराजी एवं सरदार पटेल के कार्य हम सभी को प्रेरणा देते हैं। इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश ने काफी प्रगति की थी। इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखण्डता के अपने प्राणों का बलिदान दिया। राष्ट्र के लिए उनका बलिदान सदैव याद किया जाएगा।  
उन्होंने कहा कि 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा जी ने जिस तरह से देश को विजय दिलाई थी वह स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया इतिहास है। 
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जब देश कई रियासतों में बंटा हुआ था तब सरदार पटेल ने सभी रियासतों का देश में विलय कराते हुए देश को एकता के सूत्र में बांधा था। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के कार्य सदैव देशवासियों को प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक, मंडल के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, यूथ कांग्रेस सहित अन्य विभाग के पदाधिकारी और नेता उपस्थित थे।