लाखों दीपों से जगमग हुआ शहर, छाया रहा दीपावली पर्व का उल्लास

Nov 02 2024

ग्वालियर। दीपावली का पर्व शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। दीपोत्सव के इस मौके पर पूरा नगर रंगबिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। आतिशबाजी ने पूरे शहर के वातावरण को उल्लासमयी बना दिया। धन की देवी महालक्ष्मी का शुभ-मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन और उसके बाद पटाखों के धूम-धड़ाकों के साथ दीपावली का उत्सव मना। शहर में अधिकांश लोगों ने गुरुवार को महालक्ष्मी पूजन किया, वहीं कुछ लोगों ने शुक्रवार को भी दिवाली मनाई। इस पावन मौके पर लोगों को उत्साह देखते ही बना। समूचा शहर रंगबिरंगी झालरों की रोशनी से जगमगा उठा। 
दीप पर्व पर शहर की खूबसूरत इमारतों की खूबसूरती और भी बढ़ गई। शहर के सभी लोगों ने अपने घरों पर भी अपने सामथ्र्य के अनुरूप रोशनी की। लोगों ने अपनी सामथ्र्य के अनुसार अपने घरों पर दीये, मोमबत्ती और चाइना मेड सस्ती झालरें जलाकर रोशनी कर खुशियां मनाई।
दीपावली के पावन पर्व पर हर किसी के चेहरे पर जहां खुशियों की उमंग दिखाई दे रही थी, वहीं बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं था। नए-नए कपड़े पहनकर बच्चे इतराते-इठलाते नजर आ रहे थे। ढेर सारे पटाखे, मिठाइयों ने उनकी खुशी कई गुना बढ़ा दी। अपने बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर उनके माता-पिता भी काफी खुश नजर आ रहे थे।
सभी ने इस मौके पर अपने सगे-संबंधियों, रिश्तेदारों और मित्रों के घर जाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं, जो लोग ऐसा नहीं कर सके उन्होंने फोन पर एक दूसरे से बात कर दीपावली की बधाई दी। इस दौरान मोबाइल पर सोशल मीडिया फेसबुक एवं वाट्सएप पर भी बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। अपने प्रियजनो के सुंदर शदों की मालाओं के पिरोए मैसेज पढक़र लोगों के चेहरे पर खुशी आ गई।